जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवार बदमाशों द्वारा चेन छिनतई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सोनी सर्विस सेंटर के पास की बताई जा रही है। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. जानकारी के अनुसार, आरती झा के साथ महिमा भी सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान सोनी सर्विस सेंटर के पास बाइक सवार बदमाशों ने महिमा के गले पर झपट्टा मारकर चेन छीन ली। महिला जब तक कुछ समझ पाती, बदमाश तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए. अचानक हुई चेन छिनतई की घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। साथ ही घटना के संबंध में अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है. गौरतलब है कि जमशेदपुर में हाल के दिनों में चेन छिनतई की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है। सुबह के समय मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।