जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में रविवार दोपहर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी निवासी मोहम्मद मुमताज उर्फ आशिक (30) भालूबासा स्थित अपने कार्यस्थल पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब तीन बजे अज्ञात युवक ने पीछे से उन पर स्टील की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े।



घटना के बाद सहकर्मियों की मदद से घायल को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया है। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में किसी पुरानी रंजिश की भी पुष्टि नहीं हुई है। घायल के भाई मोहम्मद फैयाज ने बताया कि मुमताज की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, जिससे पूरा परिवार हैरान है। इधर, सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा हमलावर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
