जमशेदपुर : ढाबे पर खाना खाने के दौरान महज 200-300 रुपये के बिल भुगतान को लेकर दो चालकों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बिरसानगर निवासी कन्नड़ चालक काशीनाथ कुमार ने अपने ही साथी चालक गोलमुरी निवासी सूरज सिंह (28 वर्ष) की गर्दन में चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी। वह गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी दलजीत सिंह का बड़ा बेटा था। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपी चालक काशीनाथ को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही सूरज का छोटा भाई अमित उन्नाव के लिए रवाना हो चुका है।

बताया जाता है कि एक साथ निकले थे पांच चालक। टेंपो/ट्रेलर यार्ड से शुक्रवार की शाम सूरज गैस चेसिस लेकर गाजियाबाद के लिए निकला था। उसी के साथ सिंह भी आरोपी काशीनाथ समेत चार अन्य चालक भी अलग-अलग गंतव्यों के लिए चेसिस लेकर निकले थे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे सभी पांचों चालक उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना अंतर्गत दाबामऊ गांव के पास पीजी आई ढाबा पर रुके। सभी ने वहां स्नान किया और दोपहर करीब 12 बजे एक साथ बैठकर खाना खाने लगे। इसी बीच कोल्ड्रिंक और खाने के बिल को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
कोल्ड्रिंक के पैसे देने पर अड़ा था सूरज, काशीनाथ के गाली देते ही भड़क गया……
ढाबा संचालक मुकेश के अनुसार, दोनों चालक एक ही होटल पर बैठे थे। सूरज सिंह ने एक कोल्ड्रिंक पी, जिसे खुद काशीनाथ ने भी कोल्ड्रिंक ऑर्डर की। खाना खाने के बाद जब बिल चुकाने की बारी आई, तो सूरज ने कहा कि वह सिर्फ कोल्ड्रिंक का भुगतान करेगा और खाने का पूरा बिल काशीनाथ को देना होगा। इस बात पर काशीनाथ भड़क गया और उसने सूरज पर ही खाने का बिल देने का दबाव बनाया। सूरज जब कोल्ड्रिंक के पैसे देने की बात पर अड़ा रहा, तो काशीनाथ ने उसे बेहद गंदी गाली दे दी। गाली सुनते ही सूरज का पारा चढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
जेब से निकाली फल काटने वाली चाकू, गर्दन के बीचो-बीच घोंपी…..
हाथापाई के दौरान गुस्से से आगबबूला काशीनाथ ने अपनी जेब से फल काटने वाली छोटी चाकू निकाली और बिना कुछ सोचे-समझे सूरज की गर्दन के बीचो-बीच घोंप दी। चाकू लगते ही सूरज लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा और तड़पने लगा। ढाबा संचालक मुकेश ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी और अन्य साथी चालकों की मदद से घायल सूरज को बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
साथी चालक त्रिलोक सिंह के बयान पर हत्या का केस दर्ज, छोटा भाई अमित उन्नाव रवाना…..
घटना की सूचना मिलते ही बांगरमऊ थाना के एसएचओ अरविंद कटियार पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाईवे पर घेराबंदी कर भाग रहे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन किया, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ अरविंद कटियार ने बताया कि दोनों चालक एक ही डिपो के थे और रुपये के लेनदेन व आपसी कहासुनी को लेकर विवाद हुआ था। साथी चालक त्रिलोक सिंह के लिखित आवेदन पर काशीनाथ के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। मृतक सूरज सिंह दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था।

