जमशेदपुर : जमशेदपुर के नेशनल हाईवे-33 स्थित होटल माउंट व्यू के समीप सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण ट्रेलर, पिकअप वैन एवं स्विफ्ट कार आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई तथा कुछ देर के लिए एनएच-33 पर यातायात प्रभावित हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों वाहन तेज गति से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया, जिसके बाद ट्रेलर, पिकअप वैन और स्विफ्ट कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।



घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का कार्य शुरू कराया। वहीं हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय तक एनएच-33 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, हालांकि बाद में पुलिस ने यातायात बहाल कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।



