जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में 10 जून को हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।



मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि रामजनम नगर निवासी ऋषि नाग ने 10 जून 2026 को कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि आयु कर्मकार एवं उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा कर दिया।
जांच में सामने आई पुरानी रंजिश…..
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के कारण फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों विशाल कर्मकार तथा सुमन लोहार उर्फ विराम लोहार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
राजेश लोहार का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड…..
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेश लोहार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध आदित्यपुर और कदमा थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है तथा फरार अथवा संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल जारी है. पुलिस का कहना है कि घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।



