जमशेदपुर : खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और ईंधन आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच जमशेदपुर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है। बुधवार को शहर के लगभग सभी प्रमुख पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। हालात ऐसे रहे कि कई जगहों पर बाइक और कार चालकों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।



सुबह से ही शहर के साकची, बिष्टुपुर, मानगो, सोनारी, गोलमुरी, कदमा और परसुडीह समेत कई इलाकों के पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग टंकी फुल कराने की होड़ में नजर आए। कई पंपों पर वाहनों की लाइन मुख्य सड़क तक पहुंच गई, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। जगह-जगह जाम जैसे हालात बन गए और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. ईंधन संकट की खबर फैलते ही लोगों में बेचैनी बढ़ गई। कई वाहन चालक जल्द से जल्द पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए पंपों की ओर दौड़ पड़े। कुछ जगहों पर लोगों के बीच बहस और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों की ओर से लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की जा रही है।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई प्रभावित होने की वजह से स्थिति थोड़ी असामान्य जरूर हुई है, लेकिन जल्द हालात सामान्य होने की उम्मीद है। वहीं आम लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ईंधन आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है. शहर में बढ़ती भीड़ और ईंधन को लेकर बनी बेचैनी ने साफ कर दिया है कि लोगों के बीच संकट की आशंका गहराने लगी है। फिलहाल हर किसी की नजर पेट्रोल-डीजल की अगली खेप और प्रशासनिक व्यवस्था पर टिकी हुई है।



