जमशेदपुर : बिष्टुपुर के चर्चित डीडी बार हिमांशु सिंह हत्याकांड में जेल में बंद भाजपा नेता सह डीडी बार संचालक नीरज सिंह को फिलहाल राहत नहीं मिली है। बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में उनकी जमानत याचिका ‘Dismissed as Withdrawn’ यानी वापस लिए जाने के आधार पर खारिज हो गई। इससे पहले 21 अगस्त को जमशेदपुर की निचली अदालत भी उनकी जमानत अर्जी खारिज कर चुकी है. मामला 27 जून 2026 की रात डीडी बार के बाहर हुए जानलेवा हमले से जुड़ा है। हमले में हिमांशु सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी, जबकि उनके साथी प्रत्युष भी घायल हुए थे। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने दोनों को पुलिस वाहन से बाहर खींचकर हमला किया था।

हत्याकांड की जांच के दौरान एसआईटी ने नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए रिमांड पर भी लिया था और मामले में उनके संपर्क व भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच की. मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी बताए गए विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने अदालत में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है। मामले की न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है।
