जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जिले में आमजन और पुलिस के बीच आपसी विश्वास, समन्वय एवं सौहार्दपूर्ण संबंधों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से कम्युनिटी पुलिसिंग (Community Policing) के तहत विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विभिन्न थाना परिसरों में लोगों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने की अपील की। साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड, ओटीपी साझा करने जैसी घटनाओं से बचने के उपाय भी बताए गए।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के तहत यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कम्युनिटी पुलिसिंग का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है, ताकि लोग बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें और अपराध नियंत्रण में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और पुलिस की इस पहल की सराहना की।
