जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक ने सीसीआर साकची परिसर में टैंगो मोबाइल, पीसीआर, शक्ति कमांडो एवं क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) के जवानों की ब्रीफिंग की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर, पुलिस निरीक्षक सीसीआर तथा साकची थाना प्रभारी भी मौजूद रहे. ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी ने सभी जवानों को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेट्रोलिंग के दौरान अड्डेबाजी करने वालों, असामाजिक तत्वों तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना मिलते ही संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष को तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किए जाने की चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाएगा।

