जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या के आरोपी टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मी रविंद्र प्रताप सिंह का अब पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाएगा। एफएसएल ने टेस्ट की अनुमति दे दी है। पुलिस ने प्रक्रिया पूरी कर ली है और आरोपी को घाघीडीह जेल से रांची ले जाने की तैयारी है. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने अलग-अलग बयान दिए थे। पॉलीग्राफ टेस्ट के जरिए हत्याकांड के पीछे की वजह और घटनाक्रम का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।

आरोपी फिलहाल घाघीडीह जेल के अस्पताल में भर्ती है और उसकी निगरानी की जा रही है. गौरतलब है कि 11 मई को सिदगोड़ा रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर में रविंद्र सिंह पर पत्नी सरिता सिंह, गर्भवती बेटी सुप्रिया सिंह और बेटे अभिषेक सिंह की हथौड़े व धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। पुलिस केस डायरी और चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।