संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए दस्तावेजों के साथ सौंपेंगे आवेदन, शांतिपूर्ण आंदोलन की अपील
जमशेदपुर : भुइयांडीह और मानगो के बैकुंठ नगर समेत आसपास की बस्तियों के हजारों निवासी कल (5 अगस्त) अपनी आवासीय सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर उपायुक्त (डीसी) कार्यालय तक संयुक्त मार्च निकालेंगे। जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु के नेतृत्व में होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बस्तीवासी शामिल होंगे।

मंगलवार को बैकुंठ नगर में आयोजित बैठक में सौरभ विष्णु ने बस्तीवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि इन बस्तियों में रहने वाले अधिकांश परिवार वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं तथा उनके पास वोटर आईडी, राशन कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य सरकारी दस्तावेज उपलब्ध हैं। इसके अलावा वर्ष 2003 की एसआईआर (SIR) सूची में भी इन परिवारों के नाम दर्ज हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कल (5 अगस्त) भुइयांडीह और बैकुंठ नगर के हजारों बस्तीवासी अपने आवास संबंधी दस्तावेजों एवं आवेदन के साथ उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखेंगे और अपने संवैधानिक एवं मौलिक अधिकारों की रक्षा की मांग करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए सौरभ विष्णु ने कहा कि यह आंदोलन किसी टकराव या विरोध का नहीं, बल्कि संविधान, कानून और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर अपने अधिकार प्राप्त करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पूर्वी एवं पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लोग एकजुट होकर कल (5 अगस्त) लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग प्रशासन के समक्ष रखेंगे।
उन्होंने सभी बस्तीवासियों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा प्रशासन के साथ संवाद के माध्यम से न्याय की मांग करें। उन्होंने कहा कि वर्षों से बसे परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती और जन विकास मंच हर स्तर पर बस्तीवासियों के न्याय, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
