इंफाल : मणिपुर में सशस्त्र संगठनों के खिलाफ सुरक्षा बलों और पुलिस की कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। 11 सितंबर को राज्य के अलग-अलग इलाकों में चलाए गए अभियानों में चार संदिग्ध सशस्त्र कैडरों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से पांच राइफल, 298 कारतूस, सात मैगजीन और अन्य सैन्य सामग्री बरामद की गई. चुराचांदपुर जिले के हेंगलेप उपमंडल के मुनपी गांव के आसपास जिला पुलिस और 5 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। कार्रवाई में तीन संदिग्ध कैडर गिरफ्तार किए गए। इनमें मुनपी निवासी खुआल (35), बिष्णुपुर के नुंगराई निवासी मनी चिरू (30) और चुराचांदपुर के न्घाथल निवासी थांगलालमुआन (25) शामिल हैं. तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने एक 7.62 एमएम एचकेजी-3, एक 5.56 एमएम ए1, एक 5.56 एमएम एम22 और दो 7.62 एमएम एके-47 राइफल बरामद कीं। इसके अलावा सात मैगजीन, 298 कारतूस और पांच सामरिक पाउच भी मिले।

थौबल में यूएनएलएफ (के) कैडर गिरफ्तार……
वहीं, थौबल जिले के लामडिंग खुमंथेम लेइकाई में पुलिस और 46 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर यूएनएलएफ (के) के सक्रिय कैडर प्राइवेट खुंदोंगबाम मोतीलाल सिंह उर्फ खोंगुल (26) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया. सुरक्षा बलों ने बरामद हथियार और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ पूरे नेटवर्क और गतिविधियों को लेकर आगे की जांच की जा रही है।
