वैशाली : बिहार के वैशाली जिले से पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलते ही उसने अपने 10 साल के बेटे और परिवार को छोड़ दिया और अब अपने पुराने कॉलेज प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है। पीड़ित पति का दावा है कि उसने पत्नी को पढ़ाने और उसका सपना पूरा करने के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेच दी थी, लेकिन नौकरी लगते ही पत्नी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया।



2013 में हुई थी शादी, सपनों को पूरा करने में पति ने नहीं छोड़ी कोई कसर……
मामला वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मैले पंचायत वार्ड संख्या-13 निवासी अमन कुमार और उनकी पत्नी गुंजन कुमारी से जुड़ा है। दोनों की शादी वर्ष 2013 में हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के समय गुंजन ने सिर्फ इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की थी, लेकिन उसका सपना सरकारी शिक्षिका बनने का था. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद पति अमन ने पत्नी के सपनों को पंख देने का फैसला किया। शादी के कुछ वर्षों बाद दोनों हाजीपुर शिफ्ट हो गए ताकि गुंजन बेहतर माहौल में अपनी पढ़ाई जारी रख सके।
पत्नी को पढ़ाने के लिए बेच दी पुश्तैनी जमीन……
पति अमन के अनुसार, वर्ष 2022 में उसने अपनी पत्नी की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का खर्च उठाने के लिए अपनी 1.5 कट्ठा पुश्तैनी जमीन बेच दी। इसी पैसे से गुंजन ने ग्रेजुएशन और B.Ed. की पढ़ाई पूरी की और बाद में BPSC TRE-2 परीक्षा की तैयारी शुरू की. मेहनत रंग लाई और गुंजन का चयन कक्षा 6 से 8 तक की सरकारी शिक्षिका के रूप में हो गया। उसकी पोस्टिंग वैशाली जिले के UMS मोहनपुर धर्मपुर स्कूल में हुई।
ट्रेनिंग के दौरान पुराने प्रेमी से बढ़ी नजदीकियां……
पति अमन का आरोप है कि सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में ट्रेनिंग के दौरान गुंजन की नजदीकियां उसके पुराने कॉलेज मित्र प्रेम प्रकाश से फिर बढ़ने लगीं। बताया जा रहा है कि प्रेम प्रकाश भी शिक्षक के पद पर चयनित हुआ था और दोनों पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे. अमन का दावा है कि ट्रेनिंग के दौरान दोनों गुपचुप तरीके से मिलते रहे और धीरे-धीरे यह रिश्ता गहराता चला गया।
10 साल के बेटे ने खोला मां का राज…..
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब दंपति के 10 वर्षीय बेटे आरुष ने अपने पिता को फोन कर बताया कि “प्रेम प्रकाश अंकल” अक्सर घर आते हैं और कई दिनों तक वहीं रुकते हैं. बेटे की बात सुनकर अमन को शक हुआ और उसने पत्नी की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
दार्जिलिंग टूर के बहाने प्रेमी संग घूमने का आरोप……
पति का आरोप है कि वर्ष 2025 में गुंजन ने महिला शिक्षकों के साथ दार्जिलिंग टूर पर जाने की बात कहकर बेटे को उसके पास भेज दिया, लेकिन बाद में पता चला कि उस टूर पर कोई अन्य महिला शिक्षिका गई ही नहीं थी। अमन का आरोप है कि वह अपने प्रेमी के साथ घूमने गई थी. जब अमन ने इस बारे में सवाल किया तो पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुंजन ने अमन पर झूठे केस दर्ज कराए और पिछले एक साल से उससे अलग रह रही थी।
प्रेमी संग कमरे में पकड़ी गई शिक्षिका, हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा……
बीते दिनों मामला उस वक्त और गर्मा गया जब अमन को सूचना मिली कि प्रेम प्रकाश हाजीपुर के लिच्छवी नगर स्थित गुंजन के किराए के कमरे में मौजूद है। अमन मौके पर पहुंचा और दोनों को कथित आपत्तिजनक हालत में देख लिया. बताया जा रहा है कि अमन ने बाहर से कमरे का दरवाजा बंद कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर हाजीपुर नगर थाना ले गई।
“अब प्रेमी के साथ ही रहूंगी” — शिक्षिका….
हाजीपुर नगर थाना के SHO सिकंदर कुमार ने बताया कि पति की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इधर, शिक्षिका गुंजन ने साफ कर दिया है कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और अपने प्रेमी के साथ ही जीवन बिताना चाहती है। वहीं, 10 साल के बेटे आरुष ने भी मां के साथ रहने से इनकार कर दिया है. यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।



