जमशेदपुर : आजसू पार्टी ने एमजीएम अस्पताल में तैनात आदिवासी महिला होमगार्ड जवान को कई माह से वेतन नहीं मिलने के मामले को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सभी होमगार्ड जवानों के लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित मंत्री के आवास का घेराव कर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

आजसू के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा साझा करने वाली महिला होमगार्ड की स्थिति सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में दिन-रात अपनी जिम्मेदारी निभाने वाली एक आदिवासी महिला जवान महीनों से वेतन के अभाव में आर्थिक संकट और मानसिक तनाव झेलने को मजबूर है। यह किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए चिंता और शर्म का विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आदिवासियों के हितों की बात तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर एक आदिवासी महिला होमगार्ड को अपने मेहनताने के लिए भटकना पड़ रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार गरीब, मजदूर और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मियों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।
अप्पू तिवारी ने कहा कि यदि होमगार्ड जवानों का लंबित वेतन तत्काल जारी नहीं किया गया और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आजसू पार्टी मंत्री आवास का घेराव कर चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यदि वेतन के अभाव में किसी भी होमगार्ड जवान के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी राज्य सरकार और संबंधित विभाग की होगी।
आजसू पार्टी ने राज्य सरकार से सभी होमगार्ड जवानों के बकाया वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने, भुगतान में हुई देरी की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि मेहनतकश जवानों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

