जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा स्थित मदन चक्की के समीप एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फ्रांसिस बाकची उर्फ सोनू के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, फ्रांसिस बाकची स्वर्गीय कामेश्वर झा के मकान में किराए पर रह रहा था। स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने बताया कि उसका विवाह परसुडीह के करनडीह क्षेत्र की एक युवती से होने वाला था। बताया जाता है कि वह पूर्व में भी वैवाहिक संबंध में रह चुका था, लेकिन बाद में वह संबंध समाप्त हो गया था।
परिजनों के अनुसार, फ्रांसिस पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर तनाव में था। शादी की तैयारियों और अन्य खर्चों को लेकर वह काफी चिंतित रहता था। बताया जाता है कि आर्थिक व्यवस्था के लिए उसने अपनी मारुति डिजायर कार बेचने की बात कई परिचितों से कही थी। बाद में उसने अपनी कार करीब दो लाख रुपये में बेच दी थी।
जानकारी के मुताबिक, फ्रांसिस बाकची पहले एयरबेस लॉजिस्टिक्स में कार्यरत था। इसके बाद वह गम्हरिया स्थित बीएमडब्ल्यू आईएसएल के यार्ड में कार्य कर रहा था। मृतक अपने पीछे एक भाई और एक बहन को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्रांसिस पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में दिखाई देता था। मामले से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को उपलब्ध कराई गई हैं। इधर, गोलमुरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



