चाईबासा : चक्रधरपुर रेल मंडल के सोनाखान स्टेशन के पास एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बुधवार सुबह भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वन विभाग और रेलवे की टीमों ने मौके पर पहुंचकर हाथी को रेस्क्यू किया और ट्रेन के वैगन में लादकर सागरा स्टेशन लाया गया जहां मेडिकल टीम द्वारा इलाज शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बावजूद घायल हाथी को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया भी वरीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। हाथी के रेलवे ट्रैक पर पड़े होने से डाउन लाइन पर कई घंटे तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। हालांकि बाद में ट्रैक को खाली कराने के बाद रेल सेवाएं सामान्य कर दी गईं।

