DHANBAD : धनबाद में भू धंसान की समस्या अब आम होती जा रही है. भू धंसान के मामले आए दिन सामने आते रहते हैं जिसमें लोगों के घर समेत कई जिंदगियां भी गोफ में ही समा जाती है. एक बार फिर धनबाद के जोगता थाना क्षेत्र के हटिया के पास 7 नंबर में भू-धंसान हुआ और पूरा घर उसमें समा गया, गनीमत किसी की जान नहीं गई.



कैसे हुआ भू-धंसान
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 3 बजे की है.घर में बच्चे सो रहे थे, तभी अचानक जोरदार आवाज हुई और धीरे-धीरे घर धरती में समा गया. यह दिल दहला देने वाला वाक्या हुआ है धनबाद के जोगता थाना क्षेत्र में. जहां रात में हुए भू धंसान में एक पूरा घर जमींदोज हो गया. गनीमत रही कि तेज आवाज से घर में सो रहे लोग जाग गए और कड़ी मशक्कत के बाद अपनी जान बचा सके.
बीसीसीएल प्रबंधन के प्रति लोगों में आक्रोश
भू धंसान के कारण दूर तक धरती फट गई है. जिसमें बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं. एक घर पूरा का पूरा जमीन में समा गया. वहीं आसपास के भी कई घर प्रभावित हुए हैं. घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है. लोगों में बीसीसीएल प्रबंधन के प्रति आक्रोश है.
