जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की आगामी बोर्ड बैठक को लेकर मेयर सुधा गुप्ता ने वर्तमान पार्षदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर शहर के समग्र विकास की रणनीति पर मंथन किया। बैठक में वार्डवार समस्याओं, नागरिक सुविधाओं में सुधार तथा लंबित विकास योजनाओं को गति देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. मेयर ने सभी पार्षदों से उनके-अपने वार्ड की प्रमुख समस्याओं, विकास की जरूरतों और आम जनता से प्राप्त सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आगामी बोर्ड बैठक में प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बैठक के दौरान सड़क एवं नाली निर्माण, जलापूर्ति, जलजमाव, ड्रेनेज व्यवस्था, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज, पार्क एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास, कचरा प्रबंधन सहित नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि नगर निगम के समग्र विकास के लिए पार्षदों के बीच बेहतर समन्वय और टीम भावना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य किसी एक वार्ड का विकास नहीं, बल्कि पूरे मानगो का समान, संतुलित और योजनाबद्ध विकास करना है। प्रत्येक वार्ड की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसके स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित योजनाओं और विकास कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया। मेयर ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता होगी। साथ ही जनता के पैसों का उचित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा. बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं और प्रस्तावित विकास योजनाओं से संबंधित सुझाव रखे। पार्षदों ने स्वच्छता, जलनिकासी, सड़क, स्ट्रीट लाइट समेत अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक रूप से काम करने पर सहमति जताई।
मेयर ने कहा कि आगामी बोर्ड बैठक महज औपचारिकता नहीं होगी, बल्कि मानगो के विकास की स्पष्ट दिशा और ठोस कार्ययोजना तय करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी। उन्होंने सभी पार्षदों से दलगत और व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर “विकसित मानगो, स्वच्छ मानगो और बेहतर मानगो” के संकल्प के साथ काम करने की अपील की. उन्होंने कहा, “पार्षद जनता और नगर निगम के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। हम सभी मिलकर ईमानदारी और समन्वय के साथ काम करेंगे तो मानगो की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकते हैं।”



























































