आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गजिया निवासी उमेश लोहार ने अपनी पत्नी और दो वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत पुलिस से की है। शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं और उनकी चिंता बढ़ती जा रही है।

उमेश लोहार के अनुसार, उनकी पत्नी ने मायके जाने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने पत्नी को आरआईटी मोड़ पर छोड़ा और अपनी ड्यूटी पर चले गए। पत्नी ने भाटिया बस्ती स्थित मायके फोन कर वहां आने की जानकारी भी दी थी। हालांकि, कुछ समय बाद उमेश की सास ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी मायके नहीं पहुंची है. पत्नी के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद उमेश ने उसके मोबाइल नंबर पर करीब 9-10 बार फोन किया। शुरुआत में मोबाइल पर घंटी जाती रही, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। इसके बाद उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों से संपर्क किया, लेकिन वहां से भी पत्नी और बच्ची के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद उमेश पत्नी के मायके भाटिया बस्ती पहुंचे, जहां घर पर ताला लगा मिला और परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। स्थिति से परेशान उमेश ने आदित्यपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पत्नी और दो वर्षीय बेटी की तलाश करने की गुहार लगाई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। लापता महिला और बच्ची की तलाश के साथ पुलिस उनके संभावित ठिकानों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। परिजन दोनों के सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
