मनोज तिवारी 14 सदस्यीय टीम के साथ करेंगे शिव महिमा का गुणगान, पांच विशिष्ट हस्तियों को मिलेगा ‘संघ रत्न सेवा अवार्ड’
जमशेदपुर : सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर हर-हर महादेव सेवा संघ की ओर से आयोजित होने वाली 26वीं भव्य भजन संध्या की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 24 अगस्त को साकची गुरुद्वारा मैदान में आयोजित होने वाले इस धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक मनोज तिवारी अपनी 14 सदस्यीय गायन एवं वाद्य मंडली के साथ भगवान शिव की भक्ति की रसधार बहाएंगे. आयोजन समिति के अनुसार भजन संध्या की शुरुआत शाम 6 बजे स्थानीय भजन गायक कृष्णमूर्ति एवं उनकी टीम की प्रस्तुति से होगी। इसके बाद मनोज तिवारी शिव भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन को लेकर साकची गुरुद्वारा मैदान में भव्य पंडाल, विशाल मंच और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बड़ी संख्या में कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है।

बर्फानी बाबा का भव्य स्वरूप होगा आकर्षण…..
कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार पर बाबा बर्फानी के स्वरूप में विशाल बर्फ शिवलिंग आकर्षण का केंद्र रहेगा। विधिवत पूजन के बाद कार्यक्रम का शुभारंभ होगा तथा समापन भगवान शिव की आरती के साथ किया जाएगा। पूरे कालीमाटी रोड एवं कार्यक्रम स्थल के आसपास आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी. संघ की ओर से श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चाय, पेयजल और भोग-प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। व्यवस्था के मद्देनजर प्रवेश पास के माध्यम से नियंत्रित किया जाएगा। संघ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शाम 6:30 बजे से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण कर लें तथा आयोजन की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
सुरक्षा और यातायात की रहेगी विशेष व्यवस्था…..
भजन संध्या को लेकर कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। यातायात संचालन, अग्निशमन और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। व्यवस्था संभालने के लिए संघ के स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैनात रहेगी। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
पांच विशिष्ट हस्तियों को मिलेगा ‘संघ रत्न सेवा अवार्ड’…..
हर-हर महादेव सेवा संघ की ओर से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने की परंपरा रही है। इस वर्ष पांच विशिष्ट व्यक्तित्वों को ‘संघ रत्न सेवा अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा. सम्मानित होने वालों में चिकित्सा क्षेत्र से टाटा मोटर्स अस्पताल के पूर्व महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. संजय कुमार और प्रसिद्ध महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजू बाजोरिया, समाज सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने वाले अशोक घोष, साहित्य एवं देशभक्ति के क्षेत्र में अपने गीतों से लोगों को प्रेरित करने वाले सरदार बलविंदर सिंह तथा खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले हसन इमाम मलिक ‘चिकू’ शामिल हैं।
सेवा और सम्मान की लंबी परंपरा……
हर-हर महादेव सेवा संघ पिछले कई वर्षों से चिकित्सा, समाजसेवा, शिक्षा, पत्रकारिता, खेल, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, महिला सशक्तीकरण, बाल विवाह विरोध सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित करता रहा है. पूर्व के वर्षों में पद्मश्री जमुना टुडू, पद्मश्री चामी मुर्मू, पद्मश्री छूटनी महतो, पर्वतारोही पद्मश्री प्रेमलता अग्रवाल, क्रिकेटर सौरव तिवारी, गायक लखबीर सिंह लक्खा, कन्हैया मित्तल सहित विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित हस्तियों और समाजसेवियों को संघ रत्न एवं संघ सेवा अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। संघ ने सामाजिक सरोकार से जुड़े कई प्रेरक प्रयासों को भी मंच देकर सम्मानित किया है।
देश के नामचीन कलाकार दे चुके हैं प्रस्तुति……
हर-हर महादेव सेवा संघ के मंच पर अब तक देश के कई प्रसिद्ध कलाकार भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे चुके हैं। इनमें कल्पना पटवारी, भरत शर्मा व्यास, मनोज तिवारी मृदुल, लखबीर सिंह लक्खा, देवी, अनूप जलोटा, पवन सिंह, पद्मश्री मालिनी अवस्थी, कन्हैया मित्तल और कैलाश खेर जैसे नाम शामिल हैं. संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य भगवान शिव की भक्ति के साथ विश्व कल्याण, सामाजिक सौहार्द, मानवता और सांस्कृतिक संरक्षण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने शहरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर भजन संध्या को सफल बनाने और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।



























































