जमशेदपुर : न्यू साई कॉलोनी स्थित श्री श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में आगामी पवित्र सावन माह की तीसरी सोमवारी के अवसर पर आयोजित होने वाले जलाभिषेक एवं भोग वितरण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर हिंदू युवा संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ‘जीतू’ ने की। बैठक में कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में समिति के महामंत्री धर्मेंद्र सिंह सहित वी. लता, राजू भाई, सतपाल सैनी, राकेश तिवारी, पंकज सिंह, राजीव दुबे, प्रेम कुमार, संजीव सिंह, अजय सिंह, मुकेश सिंह, सरिता बिंदु सिंह एवं रेखा सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे. समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से सावन की तीसरी सोमवारी के धार्मिक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने तथा प्रसाद ग्रहण करने की अपील की।

