जमशेदपुर : दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों को लेकर रविवार को जिला प्रशासन एवं जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति के प्रतिनिधियों ने शहर के प्रमुख विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान साकची स्वर्णरेखा घाट, पांडेय घाट, बड़ौदा घाट, बेली बोधनवाला घाट, सती घाट, दोमुहानी घाट और सोनारी नया पुल घाट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा, पार्किंग और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डेंजर जोन चिह्नित कर चेतावनी संकेत लगाने तथा विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया।

बागबेड़ा में सड़कों पर कचरे के ढेर की शिकायत पर संबंधित विभाग को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, साकची स्वर्णरेखा घाट पर बचे कार्यों को अगले चार-पांच दिनों में पूरा करने को कहा गया। निरीक्षण में उपायुक्त, एसएसपी समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के महासचिव आशुतोष सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
