सहेली पर अपने नाम से लोन कराकर रकम हड़पने का आरोप, लोन की राशि से टेलर व कार खरीदने का दावा, आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
जमशेदपुर : साकची थाना में कथित तौर पर प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने से परेशान 13 लाख रुपये की ठगी की पीड़िता मेघा बोस मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। पीड़िता ने साकची पुलिस पर शिकायत के बावजूद समय पर प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।

सहेली पर अपने नाम से लोन कराकर 13 लाख रुपये लेने का आरोप……
मेघा बोस ने आरोप लगाया कि उसकी सहेली रीना कुमारी ने उसके नाम से लोन कराया और करीब 13 लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से अपने खाते में ले लिए। पीड़िता का दावा है कि इस रकम से रीना ने एक टेलर और JH05DY9199 नंबर की कार खरीदी। कुछ दिनों तक लोन की किस्त जमा करने के बाद रीना कथित तौर पर फरार हो गई. पीड़िता के अनुसार, जब उसे पूरे मामले की जानकारी हुई तो उसने साकची थाना पहुंचकर शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की।
7 सितंबर से थाने के चक्कर लगाने का दावा…….
मेघा का आरोप है कि वह 7 सितंबर से लगातार साकची थाना के चक्कर काट रही है, लेकिन करीब 15 दिन बीत जाने के बाद भी मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। पीड़िता ने बताया कि पुलिस आरोपी रीना की मां को पकड़कर थाना लाई थी और दो दिन का समय देकर उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अमर केशव पर आरोपी को पनाह देने का आरोप……
पीड़िता ने मामले में अमर केशव पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि रीना के फरार होने के बाद अमर केशव भी कल्याण नगर स्थित अपने ठिकाने से गायब है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अमर केशव ने मुख्य आरोपी को पनाह दी है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
SSP कार्यालय पहुंचकर लगाई कार्रवाई की गुहार…..
थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए मेघा बोस मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची और पूरे मामले से अधिकारियों को अवगत कराया। पीड़िता ने कथित ठगी की रकम की जांच कराने, आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की. मामले को गंभीरता से लेते हुए SSP ने साकची थाना को जल्द प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश देने का आश्वासन पीड़िता को दिया है। पुलिस जांच के बाद ही ठगी की रकम, लोन और वाहन खरीद से जुड़े आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।