जमशेदपुर : मानगो के जवाहर नगर स्थित संधू टेक्नो इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के स्थायी एवं ठेका मजदूरों ने बोनस भुगतान और यूनियन से नाम वापस लेने के लिए कथित दबाव बनाने के विरोध में डीएलसी कार्यालय, जमशेदपुर में प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने श्रम अधीक्षक-2 अविनाश ठाकुर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।
जोहार झारखंड श्रमिक महासंघ के अनुसार, कंपनी प्रबंधन पर वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 का बोनस भुगतान नहीं करने तथा यूनियन सदस्यों पर नाम वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप है। मजदूरों ने 20 प्रतिशत बोनस, ग्रेड रिवीजन, वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और अन्य वैधानिक सुविधाओं की मांग की है।
मजदूर नेता राजीव पांडेय ने कहा कि यूनियन बनाना और संगठित होना श्रमिकों का अधिकार है। उन्होंने आरोपों की निष्पक्ष जांच और मजदूरों की मांगों पर वार्ता की मांग की। महासंघ ने मांग-पत्र प्राप्त होने के सात दिनों के भीतर द्विपक्षीय वार्ता आयोजित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समाधान नहीं होने पर सचिवालय और संबंधित कारखाना निरीक्षण अधिकारियों के समक्ष आंदोलन किया जाएगा।


