जमशेदपुर : टिनप्लेट सब्जी मंडी में आग लगने से प्रभावित केबुल बस्ती निवासी सब्जी विक्रेता अच्छे लाल महतो को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की ओर से दो तिरपाल उपलब्ध कराए गए। इससे पीड़ित दुकानदार को विपरीत परिस्थितियों में अपनी दुकान को दोबारा व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी. जानकारी के अनुसार, बीती रात टिनप्लेट सब्जी मंडी स्थित अच्छे लाल महतो की दुकान में आग लगने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग में करीब 60 हजार रुपये की सब्जियां जलकर नष्ट हो गई थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीड़ित दुकानदार से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया था।
इसी क्रम में रविवार को विधायक पूर्णिमा साहू की ओर से पीड़ित दुकानदार को दो तिरपाल सौंपे गए, ताकि वे अपनी दुकान को फिर से व्यवस्थित कर कारोबार शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ा सकें. इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी दिनेश कुमार, गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, अशोक समंता, बंटी अग्रवाल, श्रीनू राव, अमरेंद्र कुमार एवं कमल गुप्ता उपस्थित थे।
दिनेश कुमार ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित दुकानदार के साथ खड़ा होना सामाजिक दायित्व है। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का प्रयास है कि प्रभावित परिवार को यथासंभव सहायता मिले और वह जल्द से जल्द अपना व्यवसाय दोबारा शुरू कर सके. उन्होंने विधायक पूर्णिमा साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना समाज को मजबूत बनाती है।


