चांडिल : लुपुंगडीह स्थित नारायण प्राइवेट आईटीआई में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और प्रशिक्षुओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जटाशंकर पांडेय ने गांधी और शास्त्री के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को जन-आंदोलन का रूप दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और दृढ़ नेतृत्व की मिसाल पेश की। उनका “जय जवान, जय किसान” का नारा आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत और राष्ट्रसेवा की भावना को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। मौके पर प्राचार्य जयदीप पांडेय, शांति राम महतो, भगत लाल तेली, प्रकाश महतो, देवाशीष मंडल, पवन महतो, शशिप्रकाश महतो, अजय मंडल, कृष्णा पद महतो, लक्ष्मी महतो, निकिता गोराई समेत शिक्षक, कर्मचारी और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
