जमशेदपुर : गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब, टुईलाडुंगरी में सिख नौजवान सभा टुईलाडुंगरी की ओर से सिखों के आठवें गुरु धन-धन श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी का प्रकाश गुरुपुरब श्रद्धा एवं सत्कार के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशेष समागम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लेकर गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाया. समागम के दौरान पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनी एवं कथावाचकों ने गुरु साहिब की महिमा का गुणगान कर संगत को निहाल किया। भाई रामप्रीत सिंह जी, भाई परभजोत सिंह जी मन्नी एवं भाई मनजीत सिंह जी ने मधुर गुरबाणी कीर्तन एवं कथा के माध्यम से गुरु साहिब के जीवन, त्याग, सेवा और मानवता के संदेश से संगत को अवगत कराया।

गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में उतारने का आह्वान…..
समागम में वक्ताओं ने कहा कि श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी का संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, विनम्रता, त्याग और परोपकार की मिसाल है। गुरु साहिब ने छोटी आयु में ही मानवता के प्रति सेवा और समर्पण का अद्वितीय संदेश दिया। उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही प्रकाश गुरुपुरब मनाने की सच्ची भावना है।
कई गणमान्य अतिथि हुए शामिल..….
समागम में मुख्य अतिथि के रूप में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह एवं उनकी कमेटी के सदस्य, तख्त हरमंदिर पटना साहिब के सेक्रेटरी इंद्रजीत सिंह, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, झारखंड वार्ता पूर्वी सिंहभूम के चीफ ब्यूरो प्रताप सिंह, रंगरेटा महासभा के प्रधान मनजीत सिंह गिल सहित शहर के विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों एवं स्त्री सत्संग सभा के प्रतिनिधि व सदस्य मौजूद रहे. इस दौरान साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, नामदा बस्ती गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, बिरसानगर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं स्त्री सत्संग सभा नामदा बस्ती के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
गुरु का अटूट लंगर बरताया गया…..
समागम के उपरांत संगत के बीच गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लंगर ग्रहण किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में सिख नौजवान सभा के प्रधान रंजीत सिंह के साथ कमेटी के सदस्यों जसबीर सिंह गिल, सतवंत सिंह रोशन, चरणजीत सिंह नवापिंड, जोरावर सिंह, सोनी सिंह, हरजीत सिंह भोजा, गुरदयाल सिंह, अवतार सिंह खालसा, नवजोत सिंह, हरमन गिल, सन्नी सिंह बल, दलजीत सिंह राजा, सागर सिंह, शशि सिंह, वीरू सिंह, बलराज सिंह बॉबी, गुरमीत सिंह बंटी, संटी सिंह, राहुल सिंह, गुरप्रीत सिंह, बलजीत सिंह, दलवीर सिंह पादरी, अमन सिंह एवं मनप्रीत सिंह मन्नू का विशेष योगदान रहा. अंत में सिख नौजवान सभा टुईलाडुंगरी की ओर से समागम में शामिल सभी संगत, अतिथियों, कीर्तनी जत्थों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
