जादूगोड़ा : पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा स्थित प्रसिद्ध रंकिणी मंदिर को धार्मिक एवं पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। करीब 15 करोड़ रुपये की योजना के तहत मंदिर की पहाड़ी पर लगभग 800 सीढ़ियों के निर्माण समेत श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इनमें करीब 500 सीढ़ियों का निर्माण पूरा हो चुका है. अब तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को पेड़-पौधों, चट्टानों और पत्थरों के बीच से होकर पहाड़ी तक पहुंचना पड़ता था। खासकर बारिश के मौसम में रास्ते पर फिसलन होने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती थी। सीढ़ियों का निर्माण पूरा होने के बाद पहाड़ी पर चढ़ना आसान होने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही भी सुगम हो जाएगी।
मंदिर समिति अपने फंड से पूरा कराएगी अधूरा काम…..
रंकिणी मंदिर ट्रस्ट के वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि अधूरी पड़ी सीढ़ियों के निर्माण को आगे बढ़ाने का निर्णय मंदिर समिति ने अपने फंड से लिया है। इससे पहाड़ी तक पहुंचने का मार्ग जल्द सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
पार्क समेत कई सुविधाओं का प्रस्ताव…..
योजना के तहत सीढ़ियों के अलावा पहाड़ी क्षेत्र में पार्क, चेंजिंग रूम, रेस्ट रूम और हॉल समेत अन्य सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इन सुविधाओं के तैयार होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
पर्यटन बढ़ने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे……
रंकिणी मंदिर की पहाड़ी हरियाली और प्राकृतिक चट्टानों से घिरी होने के कारण पहले से ही आकर्षण का केंद्र है। आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के बाद यहां पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर दुकान, खान-पान, वाहन, गाइड और अन्य पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं. योजना के पूरा होने के बाद जादूगोड़ा के रंकिणी मंदिर को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ प्राकृतिक पर्यटन स्थल के रूप में भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।


