घाटशिला : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को साधनालय, लालडी स्थित साधु चरण पाल के आवास पर उनकी अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से ‘भारतीय जनता उन्नयन समिति’ के नाम से एक नई सामाजिक समिति के गठन का निर्णय लिया गया।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। साधु चरण पाल को अध्यक्ष, असित कुमार सिंह एवं साधना पाल को उपाध्यक्ष, शेख आखिरूद्दीन एवं सोमा सरकार को सचिव तथा बसंत कुमार लाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं, शेख अशरफ को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। महासचिव का पद फिलहाल रिक्त रखा गया है। समिति के अन्य पदों पर सदस्यों का चयन अगली बैठक में किया जाएगा।
समिति का प्रधान कार्यालय ‘साधनालय’, ग्राम लालडी, धरमवहाल, पोस्ट घाटशिला, जिला पूर्वी सिंहभूम, झारखंड में रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में समिति के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि विभिन्न प्रकार की सामाजिक सेवाओं के माध्यम से जनता का चौतरफा उन्नयन करना तथा आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना समिति का प्रमुख उद्देश्य होगा. समिति के अध्यक्ष साधु चरण पाल ने कार्यपद्धति के लिए एक नारा भी प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने समिति के आदर्श के रूप में स्वीकार किया—
“मानव हमारी जाति है, सेवा हमारा धर्म। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई—यह पंथ है, कर्म।”
समिति के सदस्यों ने उक्त नारे को आदर्श मानकर समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। सभी निर्वाचित पदाधिकारियों ने समिति के उद्देश्यों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया. अंत में असित कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जिसके बाद बैठक की कार्यवाही समाप्त हुई।




