- रीना सिंह की पहल से मिली नई उम्मीद, संस्था ने कहा— बुजुर्गों की सेवा और सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
जमशेदपुर। सामाजिक सरोकार एवं मानव सेवा के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संस्था “यात्रा (एक नई जीवन की शुरुआत)” ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक जरूरतमंद एवं असहाय बुजुर्ग महिला को वृद्धाश्रम में सुरक्षित आश्रय दिलाया। संस्था की अध्यक्ष श्रीमती रीना सिंह की पहल पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर महिला को वृद्धाश्रम में सम्मानपूर्वक स्थान उपलब्ध कराया गया। संस्था की ओर से बताया गया कि बुजुर्ग महिला की परिस्थितियों और देखभाल की आवश्यकता को देखते हुए यह पहल की गई। वृद्धाश्रम में अब उन्हें नियमित भोजन, सुरक्षित आवास, बेहतर स्वास्थ्य देखभाल तथा सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे उनका जीवन अधिक सुरक्षित और सुकूनभरा हो सकेगा।

इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष रीना सिंह ने कहा कि समाज में कोई भी बुजुर्ग स्वयं को असहाय, उपेक्षित या अकेला महसूस न करे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा, सुरक्षा तथा सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि “यात्रा (एक नई जीवन की शुरुआत)” संस्था अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जरूरतमंद, असहाय एवं वंचित लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रही है। भविष्य में भी संस्था पूरी संवेदनशीलता, समर्पण और निष्ठा के साथ मानव सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी. इस अवसर पर रिंकी अग्रहरी, चिंटू सिंह सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे।
