जमशेदपुर : लौहनगरी के आसमान में आज सुबह एक अलग ही हलचल देखने को मिली। शहर के सोनारी और पश्चिमी क्षेत्रों में गुरुवार सुबह लगभग 11:25 बजे एक फाइटर जेट की तेज गर्जना सुनाई दी।


घरों से बाहर निकले लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़ाकू विमान काफी कम ऊंचाई और अत्यधिक तेज रफ्तार के साथ सोनारी के ऊपर से गुजरा। विमान की आवाज इतनी जोरदार थी कि लोग उत्सुकता वश अपने घरों और छतों से बाहर निकल आए। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
क्या यह कलाईकुंडा एयरबेस की रुटीन सॉर्टी है?
हालांकि वायुसेना या जिला प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जानकारों का मानना है कि यह पश्चिम बंगाल स्थित कलाईकुंडा एयरफोर्स स्टेशन से निकली कोई ‘रुटीन सॉर्टी’ (प्रशिक्षण उड़ान) हो सकती है। कलाईकुंडा एयरबेस जमशेदपुर के निकटतम सैन्य हवाई अड्डों में से एक है, और अक्सर इस क्षेत्र के हवाई मार्ग का उपयोग प्रशिक्षण के लिए किया जाता है।
अफवाहों से बचें
सोनारी हवाई अड्डे पर किसी भी लड़ाकू विमान की लैंडिंग की सूचना नहीं है। यह केवल एक ओवरफ्लाइट थी। प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि इसे एक सामान्य सैन्य प्रक्रिया के रूप में देखें और किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें।

