जमशेदपुर : बर्मा माइंस ईस्ट प्लांट बस्ती स्थित टीटीएस गेट के निकट महिलाओं के लिए बनाए जा रहे पार्क के निर्माण कार्य का जनता दल (यूनाइटेड) के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में ईस्ट प्लांट बस्ती की महिलाओं द्वारा पार्क निर्माण की मांग किए जाने पर विधायक सरयू राय की अनुशंसा से इस पार्क का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया है। निरीक्षण के दौरान जनता दल (यूनाइटेड) के जिला उपाध्यक्ष दुर्गा राव, मंडल अध्यक्ष बबलू कुमार सिंह, महामंत्री प्रदीप झा, गंगाधर पांडे, धनी मिश्रा, नागेंद्र सिंह, महेश राव, सोनू पांडे, अनमोल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस दौरान जुस्को के अभियंता को स्थल पर बुलाकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पार्क में आगे किए जाने वाले विकास कार्यों एवं उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। ईस्ट प्लांट बस्ती के लोगों ने महिलाओं एवं बच्चों के लिए इस महत्वपूर्ण पार्क के निर्माण कार्य हेतु माननीय विधायक श्री सरयू राय का आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
संवाददाता : सोहन साह

