जमशेदपुर : देहरादून में आयोजित सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2025 में झारखंड टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया। यह राज्य के बास्केटबॉल इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। झारखंड के ऋतेश मुर्मू को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “बेस्ट 3-पॉइंट शूटर” घोषित किया गया और ₹25,000 का पुरस्कार मिला। वहीं, बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) ने टीम को ₹2,00,000 की प्रोत्साहन राशि दी।

वापसी पर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का फूल-मालाओं, मिठाइयों और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत हुआ। इस अवसर पर झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव जे पी सिंह, प्रेसिडेंट हरभजन सिंह, प्रदीप मुखर्जी, ट्रेज़रर; मानगो नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर मुख्तार आलम खान, कोच एम.डी. आरिफ़ आफ़ताब, असिस्टेंट कोच आदर्श कुमार, टीम मैनेजर विशाल दस, अज़हर खान तथा डॉ. ताहिर हुसैन, मास्टर मोहम्मद अकबर खान और मोहम्मद आफताब आलम ने खेलाडियो को फूलों का माला पहना कर प्लेटफार्म पर स्वागत किया।
जे.पी. सिंह, सचिव, झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन ने कहा कि यह जीत झारखंड के खेल इतिहास में मील का पत्थर है। संघ ने वादा किया कि खिलाड़ियों को आगे और बेहतर प्रशिक्षण व सुविधाएं दी जाएंगी ताकि वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करें।
