जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित गांधी मैदान के पास दया अस्पताल में एक अत्याधुनिक आईसीयू का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस आईसीयू का उद्घाटन राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


नव निर्मित आईसीयू परिसर सभी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को त्वरित एवं बेहतर उपचार प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सक भी मौजूद थे। सभी डॉक्टरों ने नए आईसीयू सिस्टम को मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि दया अस्पताल द्वारा अत्याधुनिक आईसीयू सुविधा का आरंभ क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को समय पर और बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सामाजिक विकास का एक महत्वपूर्ण अंग है और इस प्रकार के प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि दिया अस्पताल कई वर्षों से अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है, जहां लोगों को न्यूनतम लागत पर हर प्रकार का उपचार उपलब्ध होता रहा है। आज अत्याधुनिक आईसीयू के उद्घाटन के साथ यह क्षेत्र के लोगों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। बड़े अस्पतालों में जहां गरीबों को हजारों रुपये का बिल चुकाना पड़ता था, अब इस आईसीयू के शुरू होने से गरीब एवं मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी। इस मौके पर हिदायतुल्लाह खान ने अस्पताल के संचालक मुमताज अहमद सहित सभी डॉक्टरों एवं अस्पताल प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने आगे कहा कि इस अस्पताल में कई विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इस बीच दया अस्पताल के संचालक मुमताज अहमद ने बताया कि उनका उद्देश्य मानगो और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आईसीयू आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित डॉक्टरों की टीम से सुसज्जित है, ताकि गंभीर मरीजों का समय पर और उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल भविष्य में अपनी सुविधाओं का विस्तार करेगा, ताकि स्थानीय लोगों को बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।कार्यक्रम का समापन अतिथियों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
