जमशेदपुर : पोटका के पहले डिग्री कॉलेज का रविवार को खड़ियासाई पंचायत के हेंसलबिल गांव में शिलान्यास किया गया। उच्च तकनीकी शिक्षा सह कौशल विकास विभाग ने डिग्री कॉलेज का भवन बनाने के लिए 35 करोड़ रुपए मंजूर किए है। 2 साल में कॉलेज भवन का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। विधायक संजीव सरदार ने झामुमो नेता सुनील महतो मिता, चंद्रावती महतो, सुधीर सोरेन समेत कई नेताओं की मौजूदगी में शिलापूजन के लिए नारियल फोड़ा।



विधायक बोले कि जो वायदा था वो पूरा किया। अब यहां के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए टाटा या घाटशिला की दौड़ नहीं लगानी होगी। शिलान्यास कार्यक्रम के पहले आधा घंटा तक हंगामा भी हुआ। जिला पार्षद सनमुनि सरदार को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था। उन्होंने जोरदार विरोध किया। मुखिया से लेकर प्रधान को नहीं बुलाने पर गहरी नाराजगी जताई। पोटका थानेदार के मनाने पर शांत हुईं। ऐलान किया कि कॉलेज भवन का निर्माण प्राक्कलन के मुताबिक कराया जाएगा। गड़बड़ी हुई तो न उसे सार्वजनिक करेगी अपितु न्यायालय तक जाने को तैयार है। उन्होंने सरकारी कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की अनदेखी पर सोमवार को उपायुक्त से मिलकर विरोध दर्ज कराने की भी बात कही।
दरअसल, डिग्री कॉलेज के शिलान्यास के लिए विधायक आए तो जिला परिषद सदस्य सन मुनि सरदार ने हंगामा किया। वह कायर्क्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने से नाराज थीं. उन्होंने डिग्री कॉलेज के शिलान्यास के तरीके पर जमकर विरोध जताया. सन मुनि सरदार ने कहा कि 35 करोड़ की लागत से उनकी पंचायत में डिग्री कॉलेज का शिलान्यास हो रहा है. किस कानून में लिखा है कि सरकारी योजनाओं में सिर्फ विधायक या उनके चहेते जन प्रतिनिधि ही शामिल होंगे. ऐसी सोच रखने वाले जन प्रतिनिधियों की नहीं चलने दी जाएगी. हालांकि विरोध की बात पर सवाल किया गया तो पोटका विधायक संजीव सरदार का चेहरा बिदक गया। उल्टे प्रतिप्रश्न करने लगे कि कहां कोई विरोध हुआ।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार ने पिछले छह वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में कई अहम कदम उठाए हैं. पोटका में डिग्री कॉलेज का निर्माण स्थानीय छात्रों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है. यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में पोटका को एक नई पहचान देगा।
