जमशेदपुर : दिल्ली में आयोजित 39वें नेशनल कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स–2025 में टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट ने एक बार फिर देशभर में अपनी उत्कृष्टता का लोहा मनवाया है। देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों से आई 3000 से अधिक टीमों के बीच टाटा मोटर्स की फाउंड्री डिवीजन की टीम ‘सफल’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए “पार एक्सीलेंस” का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।

फाउंड्री डिवीजन में कार्यरत टीम ‘सफल’ इससे पहले भी कई राष्ट्रीय व औद्योगिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी है। इस बार भी टीम ने गुणवत्ता, नवाचार और कार्यकुशलता के उच्च मानकों को स्थापित करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जमशेदपुर प्लांट और टाटा मोटर्स का नाम रोशन किया।
टीम के सदस्यों ने अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय टीम मैनेजमेंट और यूनियन को दिया। उनका कहना है कि प्रबंधन और यूनियन द्वारा मिले निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और मनोबल बढ़ाने वाले प्रयासों ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। इस उपलब्धि से न केवल टाटा मोटर्स जमशेदपुर की साख और मजबूत हुई है, बल्कि यह पूरे औद्योगिक क्षेत्र के लिए गुणवत्ता और उत्कृष्टता की एक प्रेरणादायक मिसाल भी बन गई है।
