जमशेदपुर : रांची से जमशेदपुर लाई गई नकली और जहरीली शराब की बड़ी खेप का खुलासा हुआ है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार यह जहरीली शराब दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर शहरवासियों तक सरकारी दर पर उपलब्ध कराने की योजना के तहत भेजी गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस मामले में केवल स्थानीय कारोबारियों तक ही सीमित नहीं बल्कि प्रभावशाली हलके और कुछ सरकारी अधिकारियों की भी संलिप्तता हो सकती है।



सूत्रों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की सूची तैयार की जा रही है और कल इसका बड़ा पर्दाफाश होने वाला है। इसमें शामिल लोगों के नाम, उनके भूमिका और कारोबार से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा। जांच टीम ने बताया कि शराब की खेप छिपाई गई थी, लेकिन स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता के कारण इसे समय रहते पकड़ा गया।
विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की जहरीली शराब का सेवन गंभीर स्वास्थ्य खतरे के साथ मौत का कारण भी बन सकता है। दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार के समय इस तरह की साजिश न केवल कानूनन बल्कि सामाजिक रूप से भी बेहद गंभीर अपराध है। प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि किसी भी तरह के संदिग्ध शराब के वितरण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का मानना है कि इस मामले का पर्दाफाश होने से न केवल शहरवासियों की जान को खतरे से बचाया जा सकेगा बल्कि भविष्य में ऐसी साजिशों को रोकने के लिए भी एक मजबूत संदेश जाएगा।
