जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्लंबर बनकर आए तीन चोरों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए चोर किरायेदार के घर में ताला तोड़कर कीमती सामान लेकर फरार हो रहे थे, तभी लोगों की नजर पड़ गई।



जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा रोड निवासी उमाकांत सिंह के घर में रहने वाले किरायेदार अखिलेश्वर दुबे फिलहाल सासाराम गए हुए हैं। इसी का फायदा उठाकर शनिवार तड़के करीब 7:30 बजे तीन युवक खुद को प्लंबर बताकर घर में घुसे। चोरों ने घर के तीन से चार कमरों के ताले तोड़कर वहां रखे कीमती सामान समेट लिया और बाहर निकलने लगे।
इसी दौरान आसपास के लोगों को शक हुआ। जब पूछताछ की गई तो तीनों युवक घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दौड़ाकर रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने तीनों की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान ऋषभ, पवन मिश्रा और एक अन्य युवक के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया है और अन्य सामानों की बरामदगी के लिए आरोपियों को साथ लेकर छापेमारी अभियान चला रही है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की कोशिश से इलाके में लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पुलिस गश्त पर सवाल खड़े करती हैं। हालांकि मामले को लेकर पुलिस फिलहाल कुछ भी कहने से बचती नजर आई।



