जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तेल की खपत कम करने, पेट्रोल-डीजल के सीमित उपयोग तथा एक वर्ष तक सोना एवं आभूषण नहीं खरीदने संबंधी दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने बयान जारी कर प्रधानमंत्री के वक्तव्य को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए इसकी कठोर निंदा की है।



परविंदर सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी द्वारा देशभर में सैकड़ों चुनावी रैलियां आयोजित की गईं, जिनमें लाखों लोगों के आवागमन में भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल की खपत हुई। उस समय ईंधन बचत की चिंता क्यों नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अब आम लोगों को तेल कम उपयोग करने की सलाह देना सरकार की दोहरी मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा एक वर्ष तक सोना और आभूषण नहीं खरीदने की अपील करना भय और असमंजस पैदा करने वाला बयान है। भारत में स्वर्ण एवं आभूषण उद्योग से लाखों लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। यदि लोग सोना खरीदना बंद कर देंगे तो इससे कारीगरों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है। प्रधानमंत्री को इस प्रकार का बयान देने से पहले उसके व्यापक प्रभावों पर विचार करना चाहिए था।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रभावी भूमिका दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में भारत ने वैश्विक संकटों के दौरान शांति स्थापना और कूटनीतिक संतुलन कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
परविंदर सिंह ने कहा कि ईरान-अमेरिका जैसे अंतरराष्ट्रीय तनावपूर्ण हालात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कोई ठोस शांति पहल नजर नहीं आ रही है। इसके विपरीत देश के नागरिकों के बीच भय और दहशत का माहौल बनाने वाले बयान दिए जा रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रधानमंत्री के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए केंद्र सरकार से देशहित, रोजगार सुरक्षा और विश्व शांति के प्रति गंभीर एवं जिम्मेदार रवैया अपनाने की मांग की है।



