जमशेदपुर : ह्यूमन राइट्स मिशन की कार्यकारिणी समिति ने शुक्रवार को आयोजित जमशेदपुर बंद के शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। समिति ने कहा कि आम नागरिकों के सहयोग और प्रशासन की सतर्कता से बंद शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. समिति की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति जनवरी माह से लगातार चिंताजनक बनी हुई है। इस संबंध में तत्कालीन एसएसपी पियूष पांडेय तथा तत्कालीन उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को कई बार ज्ञापन एवं अनुरोध सौंपकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई थी, लेकिन स्थिति के समाधान के लिए अपेक्षित पहल नहीं हो सकी।

ह्यूमन राइट्स मिशन ने वर्तमान उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से अपेक्षा जताई है कि वे शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाएंगे. समिति ने कहा कि संगठन भविष्य में भी जनहित और नागरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष उठाता रहेगा तथा बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए सकारात्मक सहयोग प्रदान करेगा।

