जमशेदपुर : भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के सुरक्षा कर्मचारियों को अचानक सेवामुक्त किए जाने के विरोध में आज सुरक्षाकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। अपनी मांगों और रोजगार बहाली को लेकर कर्मचारियों ने आज उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उपायुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें इस संवेदनशील मामले का जल्द से जल्द न्यायसंगत समाधान निकालने की मांग की गई।



तेज बारिश और आंधी भी नहीं डिगा सकी हौसला
धरना प्रदर्शन के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ गया। अचानक तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश (अंधी बारिश) शुरू हो गई, लेकिन अपने हक की लड़ाई लड़ रहे सुरक्षाकर्मी और उनके समर्थक टस से मस नहीं हुए। वे भीगते हुए भी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
झामुमो का मिला खुला समर्थन, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, और वरिष्ठ नेता पहुंचे
सुरक्षा कर्मचारियों के इस आंदोलन को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का पूर्ण नैतिक समर्थन प्राप्त हुआ। आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाने के लिए झामुमो के कई स्थानीय विधायक और वरिष्ठ नेता धरना स्थल पर पहुंचे। नेताओं ने बैंक प्रबंधन के इस तानाशाही रवैये की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि बिना किसी नोटिस के कर्मचारियों को हटाना पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है।
“सुरक्षाकर्मियों के साथ हो रहा यह अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। झामुमो पूरी तरह से इनके साथ खड़ी है और जब तक इन्हें न्याय नहीं मिलता, यह लड़ाई जारी रहेगी। कांग्रेस ने भी समर्थन दिया
भोजन की व्यवस्था
परेशान और आंदोलनरत कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए झामुमो के वरिष्ठ नेता बबन राय की ओर से सराहनीय पहल की गई। उनके नेतृत्व में सभी आंदोलनकारी सुरक्षा कर्मचारियों के लिए भोजन की पुख्ता व्यवस्था की गई थी, ताकि दूर-दराज से आए कर्मचारियों को इस संकट की घड़ी में कोई परेशानी न हो।
आगे की रणनीति
सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि यदि उपायुक्त महोदय के हस्तक्षेप के बाद भी बैंक प्रबंधन अपने फैसले को वापस नहीं लेता है और उनकी त्वरित बहाली नहीं की जाती है, तो वे आने वाले दिनों में अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए बाध्य होंगे।
इस मौके पर जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी, पोटका के विधायक संजीव सरदार, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, पूर्व सांसद सुमन महतो, झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन झामुमो पूर्वी सिंहभूम के उपाध्यक्ष सागौन पूर्ति , झामुमो के वरिष्ठ नेता बबन राय, कपाली नगर पालिका के उपाध्यक्ष शाबान खान, झामुमो के युवा नेता सिमरन भाटिया, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह यादव, कांग्रेस प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र सोनकर, कांग्रेस प्रदेश महासचिव अजय सिंह,कॉंग्रेस प्रदेश सचिव राइस रिजवी छहबन कांग्रेस नेता विजय खा, कॉंग्रेस नेता तरुण देय, झामुमो से नंतु सरकार, विजय महतो, अंकित सूर्यवंशी, लड्डू खान, अंजर राय, गुरमीत सिंह गिल, अरुण सिंह राजा, और तमाम कई नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे।



