चांडिल। दीनबंधु पांडा : सूचना का अधिकार कार्यकर्ता संघ, जिला समिति सरायकेला–खरसावां की ओर से रविवार, 11 जनवरी 2026 को चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चांडिल डैम परिसर में वनभोज सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में आरटीआई कार्यकर्ता शामिल हुए।




इस अवसर पर संघ के केंद्रीय महासचिव कृति वास मंडल, केंद्रीय अध्यक्ष दिल बहादुर, केंद्रीय उपाध्यक्ष सदन ठाकुर सहित कई केंद्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिला स्तर पर सरायकेला–खरसावां जिला अध्यक्ष अनंत महतो, जिला सचिव असत्श्मा करमाकर, सुसेन गोप, नीलकमल गोप, राधेश्याम कर्मकार, कृष्णा कालिंदी, दिनेश करमाकर, हरि संधू केसरी, विजय सिंह मुंडा, भुवन समेत सैकड़ों की संख्या में आरटीआई कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान सूचना का अधिकार कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता, जवाबदेही और आम नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आरटीआई कार्यकर्ता समाज और प्रशासन के बीच एक सेतु की भूमिका निभाते हैं और लोकतंत्र को मजबूत करने में उनकी अहम जिम्मेदारी है।

वनभोज सह मिलन समारोह के माध्यम से कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संवाद, अनुभव साझा करने और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का अवसर मिला। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
