देवघर : झारखंड के देवघर जिले की पुलिस ने नशामुक्त अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़े दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार तस्करों में से एक का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।

गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 19 मई 2026 को देवघर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर थाना क्षेत्र के दहिजोर-लेटवावरण मार्ग पर तीराहा मोड़ के पास एक युवक ब्राउन शुगर की खेप लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए देवघर एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सदर, अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और बरमसिया सकुर्ल रोड (नगर थाना, देवघर) निवासी गौतम महथा उर्फ गौतम चौधरी (26 वर्ष) को रंगे हाथ दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
सरगना भी दुमका से गिरफ्तार, खुलेगा नेटवर्क
पुलिस की पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त गौतम महथा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह यह माल दुमका से लाकर बेचता है। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने तत्काल दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघनी में छापेमारी कर मुख्य सप्लायर और रैकेट के सरगना फिरोज अंसारी उर्फ गुड्डू (पिता- जियाउद्दीन अंसारी) को भी दबोच लिया।
दोनों आरोपियों ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है कि वे झारखंड के अलग-अलग जिलों में एक संगठित गिरोह बनाकर बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का नेटवर्क चला रहे थे। इस संबंध में मोहनपुर थाना में कांड संख्या- 77/26 के तहत नई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(2b)(3)(4) और NDPS Act की धारा 21(b) के तहत मामला दर्ज कर दोनों को जेल भेजा जा रहा है।
मुख्य आरोपी का लंबा है आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त गौतम महथा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ देवघर के नगर थाना में पहले से ही आर्म्स एक्ट, चोरी, जानलेवा हमला और मारपीट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं:
- 2021: अवैध हथियार रखने के आरोप में आर्म्स एक्ट (कांड संख्या- 339/21)
- 2022: मारपीट और रंगदारी/धमकी के तीन अलग-अलग मामले (कांड संख्या- 79/22, 720/22, 724/22)
- 2024: चोरी और चोरी का माल बरामदगी का मामला (कांड संख्या- 357/24)
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
इस सफल अभियान में SDPO अशोक कुमार सिंह के साथ मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम, बाबा मंदिर थाना के पु०अ०नि० प्रियरंजन कुमार, पु०अ०नि० मनेन्द्र कुमार, स०अ०नि० मुकेश कुमार सिंह और देवघर तकनीकी शाखा (Technical Cell) के आरक्षी रियाजुल हक, धीरज कुमार व प्रभात कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
