देवघर । देवघर स्थित AIIMS में चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। संस्थान में पहली बार ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी की गई, जिसमें मरीज को ऑपरेशन के दौरान होश में रखा गया। इस तरह की सर्जरी को Awake Brain Surgery के नाम से जाना जाता है। बताया गया कि मरीज के मस्तिष्क के उस हिस्से में ट्यूमर था, जो बोलने और शरीर की महत्वपूर्ण गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। सर्जरी के दौरान मरीज की स्थिति और उसकी प्रतिक्रियाओं पर लगातार नजर रखी गई, ताकि मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्सों को नुकसान से बचाया जा सके।

AIIMS देवघर में इस जटिल ऑपरेशन का सफलतापूर्वक किया जाना संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे अब गंभीर न्यूरोसर्जरी के लिए मरीजों को दूसरे बड़े शहरों के अस्पतालों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। चिकित्सकों की टीम ने आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञता के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है।
