पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त सर्च ऑपरेशन में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद, इलाके में बढ़ाई गई सतर्कता
गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने नक्सलियों की कथित विध्वंसक साजिश को नाकाम कर दिया है। संयुक्त सर्च अभियान के दौरान जिरवाबेड़ा जंगल के पास से पांच किलोग्राम का केन बम, 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल और विस्फोटक तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है। इस बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।

गुप्त सूचना पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि पारसनाथ के पहाड़ी इलाके में जिरवाबेड़ा जंगल के पास नक्सलियों ने किसी बड़ी विध्वंसक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सुरजीत कुमार और सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनंद के नेतृत्व में जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
केन बम समेत भारी मात्रा में सामग्री बरामद
सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री मिली। बरामद सामान में पांच किलोग्राम वजन का एक केन बम, लगभग 35 मीटर कोडेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर का एक बंडल और लोहे के 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल शामिल हैं। इसके अलावा एक इमरजेंसी लाइट और ग्रेनेड निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई।इस कार्रवाई को पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस और सीआरपीएफ के जवान रहे शामिल
संयुक्त अभियान में खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह, मधुबन थाना के पुलिस पदाधिकारी मणिलाल सिंह और उमेश कुशवाहा सिंह के अलावा सीआरपीएफ की क्विक एक्शन टीम तथा जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस की ओर से बरामद विस्फोटक सामग्री के संबंध में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
