झारखण्ड : देवघर पुलिस के बाद अब साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस अधीक्षक देवघर के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने लगातार अभियान चलाते हुए कोलकाता में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र से जुड़े संदिग्ध साइबर अपराधी Flipkart और Amazon Pay के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank पदाधिकारी और Google Pay कस्टमर केयर बनकर आम लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।

इसके अलावा आरोपी PM किसान योजना, बिजली बिल, RTO चालान और Aadhaar Update के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल में इंस्टॉल करवाते थे और इसके जरिए लोगों से धोखाधड़ी करते थे। पुलिस ने तकनीकी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 03 अक्टूबर 2026 को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में लालबाबू महरा उर्फ करीब 27 वर्ष, उत्तम दास करीब 28 वर्ष, संदीप कुमार दास करीब 19 वर्ष, विकास कुमार दास करीब 31 वर्ष और अशोक कुमार दास करीब 35 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच के बाद इन मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें भी पाई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मामले में आगे की जांच जारी है और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या APK फाइल पर भरोसा न करें और OTP, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
