जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध अमित रविदास के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बांका स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के बरामदे में छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया। वहीं, नारायणपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर स्थित शीतलपुर मैदान में छापेमारी के दौरान तीन अन्य साइबर अपराधियों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हासीम अंसारी, उम्र 28 वर्ष, सैयद अंसारी, उम्र 31 वर्ष, कौसर अंसारी, उम्र 26 वर्ष और आफताब हुसैन, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कैनरा बैंक का फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों से साइबर ठगी करते थे। इसके अलावा PhonePe पर 999 रुपये कैशबैक मिलने का फर्जी मैसेज भेजकर लोगों को उसे Accept करने के लिए कहा जाता था। जैसे ही पीड़ित मैसेज को Accept करता था, उसके बाद साइबर अपराधियों के फर्जी ऐप में पैसे आने की बात सामने आई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी हासीम अंसारी जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 40/26 में पहले से आरोपी है। मामले में पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है।
जामताड़ा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन, मैसेज या कैशबैक के लालच में आकर कोई लिंक या पेमेंट रिक्वेस्ट Accept न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
