रांची : डोरंडा कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया जब शनिवार को कॉलेज परिसर में अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। यह धमाका कॉलेज के बाथरूम की ओर से हुआ, जिसकी आवाज पूरे कैंपस में गूंज उठी। उस समय कॉलेज में परीक्षाएं चल रही थीं। धमाके की तेज आवाज सुनकर छात्र-छात्राएं घबराकर परीक्षा हॉल से बाहर निकल आए, और कुछ देर के लिए कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस जांच में जुटी, सुतली बम होने की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि धमाका सुतली बम से हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। धमाके के बाद कॉलेज में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, और प्रबंधन पूरी तरह से जांच में सहयोग कर रहा है।
कोई घायल नहीं, लेकिन बड़ा सवाल खड़ा
राहत की बात यह है कि धमाके में कोई भी घायल नहीं हुआ। लेकिन कॉलेज परिसर में इस तरह के विस्फोट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं— क्या यह किसी छात्र की शरारत थी? या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा? पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

