कुर्जी में बिना लाइसेंस चल रहे स्वीट शॉप का कारोबार बंद, रेस्टोरेंट के किचन पर भी दो दिनों तक ताला
पटना : खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने अनिशाबाद स्थित न्यू बाइपास के शालीमार कोल्ड स्टोरेज में छापेमारी कर 6 लाख 35 हजार रुपये मूल्य का 1,270 किलोग्राम खजूर जब्त किया। जांच के दौरान खजूर के पैकेटों पर पैकिंग की तारीख अंकित नहीं मिली। टीम ने खजूर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है. कार्रवाई के दौरान कोल्ड स्टोरेज में रखी 13 लाख 29 हजार 200 रुपये मूल्य की कुल 2,140 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। इसमें 1,440 किलोग्राम मिठाई, 600 किलोग्राम सूखा अंजीर और 100 किलोग्राम दही शामिल है। निरीक्षण में प्रतिष्ठान की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था भी असंतोषजनक पाई गई। इतना ही नहीं, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही स्थान पर रखे मिले। टीम ने इन गंभीर खामियों को देखते हुए प्रतिष्ठान के खाद्य लाइसेंस के निलंबन पर विचार करने की अनुशंसा रिपोर्ट में की है।
बिना लाइसेंस स्वीट शॉप का कारोबार बंद……
खाद्य संरक्षा टीम ने कुर्जी स्थित ‘जय माता दी द स्वीट शॉप’ में भी जांच की। यहां भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का वैध लाइसेंस नहीं मिला। नियमों के उल्लंघन पर टीम ने तत्काल प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार बंद करा दिया। मौके पर 360 रुपये मूल्य के चार किलोग्राम वेज नूडल्स और तीन किलोग्राम सोया सॉस नष्ट कराए गए। इसके अलावा बतीसा स्वीट्स का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
न्यू कुर्जी रेस्टोरेंट का किचन दो दिनों के लिए बंद…..
कुर्जी मोड़ स्थित ‘न्यू कुर्जी रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स एंड नमकीन’ के निरीक्षण में रसोई की सफाई, जल निकासी और खाद्य सामग्री के भंडारण में कई खामियां मिलीं। प्रतिष्ठान के पास पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और कीट नियंत्रण से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। टीम ने सुधार नोटिस जारी करते हुए साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए किचन को दो दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया। इस दौरान 2,640 रुपये मूल्य की 22 लीटर खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। इसमें पांच लीटर टोमैटो सॉस, दो लीटर सोया सॉस और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल शामिल है। जांच के लिए गोंद के लड्डू का नमूना भी लिया गया।
द सोडा फाउंटेन को भी मिला सुधार नोटिस…….
गांधी मैदान के पूर्वी क्षेत्र स्थित ‘द सोडा फाउंटेन’ के निरीक्षण में कर्मचारियों की चिकित्सा जांच रिपोर्ट और पानी की गुणवत्ता से संबंधित जांच रिपोर्ट नहीं मिली। खाद्य संरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किया। साथ ही जांच के लिए छेना मिठाई का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया है. खाद्य संरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।




