उत्तर प्रदेश : कानपुर में आयोजित SSC GD परीक्षा के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। महाराजपुर स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर पर परीक्षा अव्यवस्था और पेपर लीक की आशंका को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा।आरोप है कि परीक्षा केंद्र की क्षमता केवल 399 सीटों की थी, लेकिन 800 से ज्यादा अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए। इससे केंद्र पर भारी भीड़ और अफरा-तफरी मच गई। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।



सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अभ्यर्थी परीक्षा प्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। कई छात्रों ने दावा किया कि परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां हुईं और पेपर लीक होने की आशंका भी जताई। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक पेपर लीक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। कुछ देर के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति भी बन गई। बाद में प्रशासन ने परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का आश्वासन दिया। लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों और अव्यवस्थाओं के कारण SSC परीक्षाओं की पारदर्शिता पर अब बड़े सवाल खड़े होने लगे हैं।



